खबरवाणी
थाना गंज पुलिस द्वारा दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
🔹जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंज पुलिस ने दुष्कर्म के एक प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
🔹दिनांक 23.05.2026 को फरियादिया द्वारा थाना गंज में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी मोतीराम मसराम निवासी बैतूल द्वारा उसे ड्यूटी लगवाने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए तथा गलत कार्य किया।
अपराध पंजीयन
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 139/2026 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
🔹प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
🔹दिनांक 09.06.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण का आरोपी मोतीराम पिता श्यामलाल मसराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी गोदराढाना, थाना चिचोली, जिला बैतूल, शिवाजी चौक क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
मोतीराम पिता श्यामलाल मसराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी गोदराढाना, थाना चिचोली, जिला बैतूल
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, उप निरीक्षक इरफान कुरैशी, प्रधान आरक्षक आशीष चौहान, आरक्षक सुरजीत जाट, आरक्षक चन्द्रशेखर हिंगवे एवं आरक्षक शिवशंकर देवड़ा की विशेष भूमिका रही।
आमजन से अपील
बैतूल पुलिस आमजन से अपील करती है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न अथवा शोषण की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।





