खबरवाणी न्यूज़
सारनी क्षेत्र में टावर केबल चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, दो महिलाएं सहित पांच अपचारी बालक अभिरक्षा में
खबरवाणी न्यूज़ | रफीक
सारनी। सारनी क्षेत्र में एयरटेल टावर से केबल चोरी करने वाले गिरोह का सारनी पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पांच अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 फीट कॉपर केबल सहित लोहे की सामग्री, कुल करीब 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरफुसे एवं एसडीओपी सारनी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने कार्रवाई की।
मामले का विवरण: फरियादी नंदकिशोर पिता पूरनलाल यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी सलैया, थाना सारनी ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि सलैया में जगदीश यादव के खेत में एयरटेल कंपनी का टावर लगा है। टावर के पास टॉर्च की रोशनी दिखाई देने पर नंदकिशोर यादव अपने मोहल्ले के अनुराग यादव, कैलाश यादव एवं ओमप्रकाश जोशी के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग टावर की केबल काटकर चोरी कर भागते हुए दिखाई दिए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सारनी में अपराध क्रमांक 270/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 317(4), 95 बीएनएस का इजाफा किया गया।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान रोशनी प्रजापति पति शंकर प्रजापति, उम्र 30 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर पाथाखेड़ा तथा बाजी उर्फ यास्मीन शाह पति फरीद शाह, उम्र 40 वर्ष, निवासी सुपर-ई सारनी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पांच अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
जप्त मशरूका: पुलिस ने आरोपियों से करीब 50 फीट कॉपर केबल, कीमत लगभग 60 हजार रुपये, तथा लोहे की सामग्री, कीमत करीब 10 हजार रुपये, कुल 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, ज्ञानसिंह टेकाम, राकेश करपे, रविमोहन, देवा, राजू, अनुज, महिला आरक्षक वर्षा नागले, सैनिक सुभाष रघुवंशी एवं महिला सैनिक उर्मिला शामिल रहे।





