Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

कुंडी में अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

By
On:

खबरवाणी

कुंडी में अवैध सागौन परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

9 सागौन लट्ठों से भरा ट्रैक्टर जब्त, वन अपराध प्रकरण दर्ज

भौंरा। उत्तर वन मंडल बैतूल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र सारणी के ग्राम कुंडी में वन विभाग ने अवैध सागौन परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सागौन लकड़ी से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। संयुक्त वन अमले की इस कार्रवाई में 9 सागौन लट्ठे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30 से 35 हजार रुपये बताई जा रही है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुंडी क्षेत्र में सागौन लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र भौंरा एवं वन परिक्षेत्र सारणी के संयुक्त वन अमले ने कार्रवाई करते हुए संतोष एवं मनीराम निवासी कुंडी के खेत के पास एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की। जांच में ट्रैक्टर में सागौन के 9 लट्ठे पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। वन विभाग के अनुसार जब्त सागौन लकड़ी का कुल आयतन 0.705 घन मीटर है। कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर एवं लकड़ी को वन परिक्षेत्र भौंरा कार्यालय लाया गया। इसके उपरांत वन परिक्षेत्र सारणी में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जब्त वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सारणी ले जाया गया।
भौंरा रेंजर विजेंद्र तिवारी ने बताया कि अवैध सागौन परिवहन की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। सारणी वन परिक्षेत्र अधिकारी शरदेन्दु नायक ने बताया मामले में वन अपराध दर्ज कर लिया गया है तथा लकड़ी के स्रोत एवं परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई में डिप्टी रेंजर मूलशंकर पारते सहित अमित तिवारी, सौरव सिरोठिया, संतोष कावरे, विनय तिवारी एवं वन विभाग का अन्य अमला शामिल रहा। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा के अवैध दोहन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News