खबरवाणी
मकान में लगी आग, घर का सामान जलकर खाक
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा क्षेत्र के शिवाजी नगर में एक बड़ा अग्निकांड होते-होते टल गया। अज्ञात कारणों से एक मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिससे घर में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि समय रहते स्थानीय रहवासियों, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई और आसपास के मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम लगभग 6 बजे की है। जिस समय आग लगी, उस दौरान मकान मालिक नरेश सोनी घर पर मौजूद नहीं थे। अचानक उठी आग की लपटों ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और घर से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। आग को बढ़ता देख क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों ने बहादुरी का परिचय देते हुए घर के आसपास रखी ज्वलनशील वस्तुओं को तुरंत हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इससे आग को फैलने से रोकने में काफी मदद मिली।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो बार पानी की बौछार कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आगजनी के कारण मकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाथाखेड़ा क्षेत्र में अधिकांश मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं, जिनमें कई कच्चे मकान भी शामिल हैं। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो यह एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी और कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है





