खबरवाणी
बारिश से पहले नालों की सफाई नहीं, कॉलोनियों में जलभराव का खतरा बढ़ा
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । नगर पालिका क्षेत्र में मानसून की शुरुआत के साथ ही जलभराव की समस्या एक बार फिर सिर उठाने लगी है। कॉलोनियों में स्थित नालों में उगे खरपतवार और जमा कचरा बारिश के पानी के साथ बहकर पुलियों में फंस रहा है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। स्थिति यह है कि हल्की बारिश में ही कई जगह पानी रुकने लगता है और आसपास के घरों में जलभराव की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते नालों की सफाई नहीं होने के कारण हर साल यही समस्या उत्पन्न होती है। खासकर गणेश चौक और जेरी चौक के बीच स्थित पुलिया पर भारी मात्रा में खरपतवार जमा है, जो किसी भी समय बड़े जाम का कारण बन सकता है। पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर पानी रुकने से सड़क और रिटेनिंग वॉल को नुकसान पहुंचा था, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ था।
निवासियों ने बताया कि यदि समय रहते सफाई कार्य नहीं किया गया तो इस बार भी हालात बिगड़ सकते हैं। नालों में फंसे खरपतवार और कचरे के कारण पानी का बहाव रुक जाता है, जिससे पुलिया पर दबाव बढ़ता है और टूट-फूट की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा घरों में पानी घुसने से लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
नगर पालिका को चाहिए कि बारिश के पूरे सीजन को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से नालों और पुलियों की सफाई कराए, ताकि जलभराव जैसी समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।





