Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अतिक्रमण से जाम हुआ रास्ता: वार्ड 30-31 में एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही, रहवासियों ने की सड़क चौड़ीकरण की मांग

By
On:

खबरवाणी

अतिक्रमण से जाम हुआ रास्ता: वार्ड 30-31 में एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही, रहवासियों ने की सड़क चौड़ीकरण की मांग

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी। नगर पालिका सारनी के वार्ड क्रमांक 30 और 31 में इन दिनों सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित निर्माण कार्य के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहन ही नहीं, बल्कि आपातकालीन सेवाएं जैसे एम्बुलेंस तक इन क्षेत्रों में सुचारू रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शोभापुर कॉलोनी स्थित जेरी चौक पर हाल ही में किए गए पेविंग ब्लॉक निर्माण और चारों ओर नाली निर्माण के बाद पहले से उपयोग में आ रहा खुला ग्राउंड पूरी तरह बंद हो गया है। पूर्व में यह ग्राउंड कच्चा होने के कारण लोग अपने फोर व्हीलर वाहन वहां खड़े कर वार्ड 30 और 31 तक आसानी से आवागमन करते थे, लेकिन अब यह सुविधा समाप्त हो गई है।
वर्तमान में इन वार्डों तक पहुंचने के लिए बजरंग मंदिर और पोस्ट ऑफिस के सामने से आने वाले दो संकरे रास्ते ही विकल्प बचे हैं, जिन पर भी अतिक्रमण और अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकर के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। हालात यह हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
दूसरी ओर, गणेश चौक और मैगजीन कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास दो दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण से सड़क और भी संकरी हो गई है। यहां से टू व्हीलर घूमने में भी बड़ा खतरा महसूस होता है पहले यह मार्ग काफी चौड़ा था, सड़क के ऊपर से ही दुकान बना लेने से अब ऑटो रिक्शा तक मुश्किल से निकल पाता है। इससे वार्ड 30 और 31 के रहवासियों को दैनिक जीवन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आने वाले समय में यहां पुलिया और नाला निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिससे समस्या और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए वार्डवासियों ने नगर पालिका एवं प्रशासन को आवेदन सौंपकर सड़क से अतिक्रमण हटाने और मार्ग को चौड़ा करने की मांग की है।
रहवासियों ने WCL और नगर पालिका प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाया
जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके और आपातकालीन सेवाओं को भी किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News