Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

भौरा में रोजगार मेले का आयोजन, 30 युवाओं का चयन

By
On:

खबरवाणी

भौरा में रोजगार मेले का आयोजन, 30 युवाओं का चयन

45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण के बाद मिलेगा प्लेसमेंट, 12 से 16 हजार रुपये तक प्रारंभिक वेतन की संभावना

भौरा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत भौरा के सभागार में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, भोपाल द्वारा युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। रोजगार मेले में करीब 90 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद विभिन्न ट्रेडों में कुल 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इनमें ऑटोमोटिव सेक्टर में 10, हॉस्पिटैलिटी में 8, एमओए (माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस एप्लीकेशन) में 8 तथा ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड में 4 युवाओं का चयन किया गया।
एनआरएलएम के प्रबंधक घनश्याम यादव ने बताया चयनित युवाओं को 45 दिनों का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट की व्यवस्था की जाएगी। प्रारंभिक वेतनमान लगभग 12 हजार से 16 हजार रुपये प्रतिमाह रहने की संभावना बताई गई है। कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि आदेश सिंह ने प्रशिक्षण एवं रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान की। इस दौरान एनआरएलएम के प्रबंधक घनश्याम यादव, उन्नति संकुल भौरा की प्रबंधक पूनम पासी, ग्राम पंचायत भौरा की सरपंच मीरा धुर्वे, सचिव राजू पंडागरे सहित आजीविका मिशन एवं पंचायत का स्टाफ उपस्थित रहा। वक्ताओं ने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के बेहतर अवसरों से जुड़ने का आह्वान किया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News