खबरवाणी
आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया गया ईदुज्जुहा का पर्व, गूंजी अमन-चैन की दुआएं
नरसिंहपुर। त्याग, समर्पण और आपसी सौहार्द का मुकद्दस त्योहार, ईदुज्जुहा गुरुवार को पूरे जिले में अकीदत और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही तय वक्त पर जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगे और पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर चेहरे पर ईद की खुशी साफ झलक रही थी।
गूंजी अमन-चैन की दुआएं
जिला मुख्यालय पर स्थानीय ईदगाह में शहर कारी जामा मस्जिद पेश इमाम जनाब मोहम्मद दावर हुसैन साहब ने ईद की विशेष नमाज़ अदा कराई। नमाज़ के बाद जैसे ही इमाम साहब ने मुल्क व शहर की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए हाथ उठाए, हर आंख नम और हर दिल दुआ में शरीक नजर आया। नमाज़ मुकम्मल होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा। इस दौरान मजहबी सरहदों को भूलकर हर वर्ग के लोगों ने अपने मुस्लिम भाइयों को गले लगाया, जो गंगा जमुनी तहजीब में एकता की संस्कृति को बयां करता नजर आया।
हजरत इब्राहिम की सुन्नत और त्याग का संदेश
ईदुज्जुहा का यह त्योहार पैगंबर हजरत इब्राहिम और उनके बेटे हजरत इस्माइल की महान परीक्षा की याद में मनाया जाता है। ईद का असल मकसद सिर्फ रस्म निभाना नहीं, बल्कि अपनी सबसे अजीज चीज को अल्लाह की राह में कुर्बान करने और गरीबों की मदद करने का जज्बा पैदा करना है।
प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले में प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये। ईदगाह, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किये गये।
ईदगाह कमेटी ने जताया आभार
खुशियों और भाईचारे के पर्व ईदुज्जुहा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद ईदगाह कमेटी व जामा मस्जिद कमेटी नरसिंहपुर ने जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है। कमेटी के सदस्यों ने एक संयुक्त बयान जारी कर बताया कि ईद की नमाज के दौरान नमाजियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम बेहद सराहनीय रहे। ईदुज्जुहा की तैयारियों और प्रशासन के माकूल इंतजामात को लेकर ईदगाह कमेटी ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग व नगरपालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि हर साल की तरह इस साल भी प्रशासन ने जो ईदगाह में नमाजियों के लिए जो बेहतर व्यवस्था व सुरक्षा दी है उसके प्रति ईदगाह कमेटी उनका आभार व्यक्त करती है।






