खबरवाणी
ब्लूबेरी कंपनी मे मजदूर के शोषण को लेकर डॉ सुनीलम ने सीएम से की मांग
मुलताई। किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एवं जिलाधीश बैतूल को पत्र लिखकर मुलताई तहसील के ग्राम डहरगांव में संचालित हार्टीफ्रूट आईजी बेरीज (ब्लू बेरी) कंपनी के खिलाफ मजदूर शोषण व जल अधिकार हनन की उच्चस्तरीय जांच और कार्यवाही की मांग की है।डॉ. सुनीलम ने कहा है कि उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से ब्लू बेरी कंपनी द्वारा श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी 478 रुपये प्रतिदिन के स्थान पर मात्र 400 रुपये दिए जाने, मजदूरों को पीएफ, बीमा, चिकित्सा सुविधा, शौचालय एवं सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाने तथा वर्धा डेम से अवैध रूप से पानी लिये जाने की जानकारी प्राप्त हुई हैं जो श्रम कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन तो है ही किसानों के जल अधिकारों का हनन भी है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा पानी के अत्यधिक उपयोग से क्षेत्र के किसानों की फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं। डॉ. सुनीलम ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,जिससे किसानों एवं मजदूरों को न्याय मिल सके।





