Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सिडनी में डॉ. प्रांजल काशिव को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

By
—
On:

खबरवाणी

सिडनी में डॉ. प्रांजल काशिव को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

दुनिया भर की 2400 से अधिक शोध प्रस्तुतियों में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया देश और क्षेत्र का मान

बुरहानपुर। चिकित्सा एवं अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट एवं किडनी ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. प्रांजल काशिव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। 22 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में द ट्रांसप्लांट सोसाइटी (TTS) एवं इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्गन ट्रांसप्लांट (ISOT) की ओर से उन्हें “ला रेनॉन इंटरनेशनल बेसिक एंड क्लिनिकल साइंसेज मेंटी-मेंटर अवार्ड 2026” प्रदान किया गया।
डॉ. काशिव को यह सम्मान उनके शोध पत्र (एब्स्ट्रैक्ट) “गाइडलाइन्स फॉर स्वैप ट्रांसप्लांट” के लिए दिया गया। जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए भारत से करीब 400 तथा दुनिया के विभिन्न देशों से 2000 से अधिक शोध प्रस्तुतियां प्राप्त हुई थीं। कुल 2400 से अधिक प्रस्तुतियों में डॉ. काशिव के शोध को चयन समिति द्वारा प्रथम स्थान के लिए चुना गया।
किडनी ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में दे रहे सेवाएं
डॉ. प्रांजल काशिव वर्तमान में ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही वे अस्पताल के किडनी ट्रांसप्लांट कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि को चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन ने दी बधाई
डॉ. प्रांजल काशिव की उपलब्धि पर ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक श्री कबीर चौकसे, कार्यकारी निदेशक श्रीमती देवांशी चौकसे सहित हॉस्पिटल प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने डॉ. काशिव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान से न केवल डॉ. काशिव और ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल का गौरव बढ़ा है, बल्कि क्षेत्र के चिकित्सा एवं शोध क्षेत्र के लिए भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News