खबरवाणी
दहेज की मांग बनी मौत की वजह, चार आरोपी गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। पुलिस एसडीओपी कार्यालय सारणी अंतर्गत थाना चोपना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सहित सास, ससुर और नंदोई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को ग्राम झोली-01 में अर्चना पति त्रिनाथ सरकार (40 वर्ष) का शव पंचायत भवन परिसर स्थित आँवले के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका की पुत्री दीक्षा का विवाह 05 दिसंबर 2025 को वासुदेव बछाड़ से हुआ था। विवाह के बाद से ही आरोपी वासुदेव, ससुर सचिन बछाड़, सास कविता बछाड़ एवं नंदोई विपुल बैरागी द्वारा दहेज में कार और 3 लाख रुपये की मांग को लेकर दीक्षा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़िता के गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट एवं व्हाट्सएप चैट जैसे डिजिटल साक्ष्यों में प्रताड़ना के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं।
मामले में थाना चोपना में अपराध क्रमांक 0097/2026 धारा 108, 85, 3(5) BNS एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को 22 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. रवि शाक्य, सउनि. निकलेश ठाकुर, प्र.आर. सुखराम, आरक्षक नितेश, प्रवेश, विवेक, सुरेन्द्र, कमलेश, राहुल, मंदीप एवं महिला आरक्षक प्रमीला (थाना रानीपुर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने दहेज प्रथा की कड़ी निंदा करते हुए आम जनता से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी की जान बचाई जा सके।





