Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सही आंकड़ों के लिए घर-घर दस्तक, भौंरा में शुरू हुआ जनगणना सर्वे

By
On:

खबरवाणी

सही आंकड़ों के लिए घर-घर दस्तक, भौंरा में शुरू हुआ जनगणना सर्वे

भौंरा। जिले में जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू होते ही भौंरा नगर में भी प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। नगर को आठ सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां आठ प्रगणक नियुक्त कर जनगणना का कार्य कराया जा रहा है। प्रगणक निर्धारित प्रपत्र के अनुसार प्रत्येक परिवार से विस्तृत जानकारी एकत्र कर रहे हैं। जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। गर्मी का मौसम और शादियों का सीजन होने के कारण कई घरों में परिवार के सदस्य नहीं मिल रहे हैं, जबकि कुछ मकान बंद मिलने से प्रगणकों को वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं कई स्थानों पर लोगों द्वारा जानकारी देने में हिचकिचाहट दिखाई जा रही है तथा कुछ लोग जरूरी जानकारियां छिपाने का प्रयास भी कर रहे हैं। प्रगणकों को परिवार के मुखिया से लगभग 34 सवालों के जवाब लेने होते हैं, जिनमें परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, व्यवसाय, आवासीय स्थिति सहित अन्य सामाजिक एवं आर्थिक जानकारियां शामिल हैं। जानकारी एकत्र करने से पहले प्रगणकों को लोगों को जनगणना के महत्व एवं गोपनीयता संबंधी नियमों के बारे में समझाना पड़ रहा है, जिसके बाद लोग जवाब देने के लिए तैयार हो रहे हैं।
प्रगणक जितेंद्र सांवरिया ने बताया कि जनगणना कार्य शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि शासन को वास्तविक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News