खबरवाणी
आठनेर में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने जुटा जिला नेतृत्व, कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश
आठनेर। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने एवं कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से बैतूल विधानसभा प्रभारी गोपाल कृष्ण शर्मा का आठनेर क्षेत्र में संयुक्त दौरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के निर्देश पर आयोजित इस दौरे में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आठनेर के नेतृत्व में विभिन्न मंडलों में बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पंकज बंजारे ने बताया कि बैतूल-आठनेर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों का संयुक्त दौरा कार्यक्रम रखा गया, जिसमें मंडल अध्यक्षों, बीएलए, पंचायत अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ विस्तृत बैठकें संपन्न हुईं। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
बैठकों को संबोधित करते हुए बैतूल विधानसभा प्रभारी गोपाल कृष्ण शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे उच्च नेतृत्व से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
मंडल अध्यक्ष जानी पठानी ने कहा कि यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला नेतृत्व आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहा है। उन्होंने बताया कि बैठकों में स्थानीय मुद्दों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा क्षेत्रीय सामाजिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई और गांव स्तर पर कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद खंडवे भी श्री शर्मा के साथ बैठकों में शामिल रहे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर जनविरोधी और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए मजबूती से संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज रही है और कार्यकर्ताओं की एकता ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है।
बैठकों में मुख्य रूप से हीरालाल सोनारे, डॉ. ज्ञानदेव माथनकर, तरुण मानकर, महेंद्र पंडोल, पप्पू जायसवाल, गोपाल आजाद, रामदास राठौर, गजानन खंडागले, गजेंद्र खडककर, नामदेव बारस्कर, राहत अली, ऋषि नरवर, भीमराव बंजारे, प्रमोद दीवान, भारत साहू, गणेश भरतपुरे, धर्मेंद्र ठाकरे, युवराज आलावे, याकूब खान, योगेश पटेल, रियाज काजी, जितेंद्र तलकर, पार्षद सारिका माथनकर, पार्षद शीतल तलकर, पार्षद किरण सावरकर, संजय जीतपुरे, पुरुषोत्तम सरत्कार, रामकिशोर झपट, सुभाष अंघोरे, हरिकिशोर सलाम, काजी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का संकल्प लिया।






