खबरवाणी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस का वृहद धरना-प्रदर्शन
जिलेभर से उमड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जनसैलाब, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की उठी आवाज
नरसिंहपुर। नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी नरसिंहपुर द्वारा जिला मुख्यालय में वृहद धरना, प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता आशीष गुप्ता एवं अजय दुबे ने बताया कि कार्यक्रम में जिलेभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चा एवं संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
लंबे समय बाद जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में कांग्रेस का इतना व्यापक एवं संगठित कार्यक्रम देखने को मिला, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकजुट होकर पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव केवल सरकार चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसके विश्वास का आधार है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन संस्थाओं की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता को लेकर उठने वाले प्रत्येक प्रश्न का पारदर्शी तरीके से समाधान होना आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में होने वाले किसी भी प्रकार के बदलाव की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होनी चाहिए तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती का उठाया मुद्दा
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रभारी आलोक मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल, पूर्व विधायक संजय शर्मा, सुनील जायसवाल, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मैथिली शरण तिवारी, नरेंद्र राजपूत, कांग्रेस संगठन महामंत्री दीवान शैलेंद्र सिंह, लाखन सिंह पटेल एवं सुश्री मोना कौरव सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से जुड़े सवालों को लेकर है। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक के मत का समान महत्व है और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शंका उत्पन्न होने पर उसका समाधान तथ्यों एवं पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जनता के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाएं।
जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम में नरसिंहपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों, मंडलों एवं सेक्टरों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं संगठनों के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज बुलंद की तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और जागरूकता से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर मतदाता अधिकारों एवं चुनावी पारदर्शिता से जुड़े विषयों पर जागरूकता का अभियान आगे भी जारी रखेंगे।
कार्यक्रम ने दिखाई संगठन की एकजुटता
जिला कांग्रेस कमेटी नरसिंहपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति ने संगठन की सक्रियता और एकजुटता को प्रदर्शित किया। वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक सभी ने एक मंच पर उपस्थित होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई मंचीय कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रूद्रेश तिवारी द्वारा किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नरसिंहपुर के अध्यक्ष मनीष साहू, धनीराम पटेल एवं नरसिंहपुर नगर अध्यक्ष रोहित पटेल ने कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों, मोर्चा एवं संगठनों के पदाधिकारियों, ब्लॉक-मंडल-सेक्टर के पदाधिकारियों तथा जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।





