खबरवाणी
WCL पाथाखेड़ा क्षेत्र की जर्जर सड़कों से दुर्घटना का खतरा, मरम्मत की मांग
खबरवाणी / रफीक
सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (WCL) पाथाखेड़ा क्षेत्र में कॉलोनियों और खदानों को जोड़ने वाली कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
पाथाखेड़ा क्षेत्र में तवा माइन से छतरपुर माइंस की ओर जाने वाली सड़क के अलावा शोभापुर जीएम ऑफिस से कॉलोनी क्षेत्र तक की सड़क भी कई स्थानों पर खराब हो चुकी है। वहीं शोभापुर स्टाफ क्षेत्र से काली माई के अंदर तक जाने वाली सड़क की स्थिति भी खराब है।
नागरिकों का कहना है कि कॉलोनियों की सुंदरता और आवागमन में सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़कों की मरम्मत की मांग की जा रही है। यूनियन के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कई बार सड़क सुधार की मांग उठा चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
लोगों का आरोप है कि कई बार सड़क पर मरम्मत का काम कराया जाता है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने के कारण एक बारिश में ही सड़क फिर खराब हो जाती है। ऐसे में मरम्मत के नाम पर होने वाली खानापूर्ति के बजाय सड़क का निर्माण और मरम्मत गुणवत्ता के साथ किए जाने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय जर्जर सड़कों का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए। साथ ही ऐसी तकनीक और गुणवत्ता के साथ सड़कें बनाई जाएं, जिससे वे लंबे समय तक टिकाऊ रह सकें।





