खबरवाणी
ग्राम छुरी में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट, महाकाल टू सिलपटी बनी विजेता
रफीक – सारनी।क्षत्रिय कुर्मी समाज द्वारा ग्राम छुरी में वर्ष 2026 में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों ने भाग लिया और पूरे आयोजन में खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक रहा। प्रतियोगिता में कुल 8 पुरस्कार निर्धारित किए गए थे।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में चार टीमें पहुंचीं, जिनमें महाकाल टू सिलपटी, आरसीसी छुरी, आरसीएच हीरावाड़ी और कुही कैपिटल शामिल रहीं। पहला सेमीफाइनल मुकाबला महाकाल टू सिलपटी और कुही कैपिटल के बीच खेला गया, जिसमें महाकाल टू सिलपटी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल आरसीसी छुरी और आरसीएच हीरावाड़ी के बीच हुआ। इस मुकाबले में आरसीसी छुरी की ओर से अनिरुद्ध चौरे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई और फाइनल में पहुंचाया। इस अवसर पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर योगेश पंडाग्रे ने खिलाड़ियों से मिलकर उनका हौसला अफजाई की,
फाइनल मुकाबला महाकाल टू सिलपटी और आरसीसी छुरी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए महाकाल टू सिलपटी ने 12 ओवर में 95 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीसी छुरी की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिसके चलते महाकाल टू सिलपटी ने 21 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले के विजेता उपविजेता सभी खिलाड़ियों को शिवम इ बाइक के संचालक द्वारा इनाम वितरण किए गए।
पूरे आयोजन के दौरान ग्रामवासियों और आयोजक समिति का सराहनीय सहयोग रहा, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।





