खबरवाणी
खाटू श्याम भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब, हनुमान प्रस्तुति ने बांधा समां
महायज्ञ के उपलक्ष्य में विधायक निवास पर सजा भव्य श्याम दरबार, गुलाब बारसे व काजल धुर्वे की सुमधुर प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु , जयकारों से गूंजा पूरा पंडाल
भौंरा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन में आयोजित चार दिवसीय नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा के उपलक्ष्य में मंगलवार रात्रि को विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके के निवास पर भव्य खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां देर रात तक श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम स्थल पर खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया गया, जो पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। भजन संध्या का शुभारंभ विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके द्वारा खाटू श्याम दरबार पर विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया।
भजन संध्या में भजन गायक गुलाब बारसे एवं छिंदवाड़ा की प्रसिद्ध भजन गायिका काजल धुर्वे ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा, श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम जैसे खाटू श्याम के लोकप्रिय भजनों के साथ-साथ भगवान राम एवं हनुमान जी के भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला जब भजन गायक गुलाब बारसे द्वारा राम नाम के हीरे मोती जैसे भजनों की प्रस्तुति दी जा रही थी। इसी दौरान हनुमान वेशभूषा में मंच पर पहुंचे कलाकार ने अपनी जीवंत प्रस्तुति से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। कलाकार की भाव-भंगिमाओं और जोशपूर्ण अभिनय ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, जिससे पूरा पंडाल जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के समस्त मंडल अध्यक्ष, सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि यह भजन संध्या चार दिवसीय नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।





