खबरवाणी
फैक्ट्री का ताला तोड़कर ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी, नकाबपोशों ने चौकीदार को बनाया बंधक
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। छतरपुर वन खदान मार्ग स्थित बिसला इंडस्ट्री में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार 4-5 नकाबपोश बदमाश कुल्हाड़ी एवं अन्य धारदार हथियारों से लैस होकर देर रात फैक्ट्री परिसर में घुसे। बदमाशों ने सबसे पहले वहां मौजूद चौकीदार को बंधक बनाकर एक स्थान पर बैठा दिया, ताकि कोई विरोध न हो सके।
इसके बाद आरोपियों ने फैक्ट्री में लगे जले हुए ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें मौजूद तांबा वायर निकाल लिया और बड़ी मात्रा में तांबा चोरी कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी किया गया तांबा काफी मूल्य का है।
इसी बीच बगडोना स्थित सतपुड़ा रेसिडेंसी कॉलोनी, जिसे क्षेत्र की सुरक्षित कॉलोनियों में गिना जाता है, वहां भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। नकाबपोश बदमाश दो घरों में घुसे और घरों में रखा कीमती सामान चोरी कर ले गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से कॉलोनीवासियों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।
घटनाओं के बाद सतपुड़ा रेसिडेंसी कॉलोनी के रहवासियों ने बैठक आयोजित कर एकमत से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया। कॉलोनीवासियों ने आपसी सहमति से चौकीदार रखने का फैसला किया है, साथ ही आसपास की निगरानी बढ़ाने और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया है।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में 4-5 संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जो वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं





