खबरवाणी
शांति समिति की बैठक में त्योहारों के आयोजन को लेकर बनी सहमति
साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर हुई चर्चा; विसर्जन स्थल पर पंचायत करेगी व्यवस्थाएं
भौंरा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भौंरा पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। चौकी प्रभारी नीरज खरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समिति सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा विसर्जन स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सभी आयोजनों को निर्धारित नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में ग्राम पंचायत की ओर से विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई। साथ ही त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी। चौकी प्रभारी नीरज खरे ने उपस्थित लोगों से त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। बैठक में सरपंच मीरा धुर्वे, जनपद सदस्य सुधीर नायक, जय किशोर मिश्रा, उत्तम वर्मा, विवेक ठाकुर, दीपक उपाध्याय, पराग राठौर, मकसूद खान, हसन अली सहित शांति समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





