खबरवाणी
नगर परिषद आठनेर की अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
6 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन*
आठनेर । नगर परिषद आठनेर में व्याप्त कथित अनियमितताओं, पेयजल संकट, विकास कार्यों में गड़बड़ियों तथा पट्टाधारियों से पट्टे वापस लिए जाने के विरोध में सोमवार को नगर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नगर परिषद परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और परिषद प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। जिस पर कुछ हितग्राहियों को पट्टे वापस करना पड़ा
नगर कांग्रेस अध्यक्ष जानी पठान के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नगर परिषद पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा पट्टाधारियों से उनके आवासीय पट्टे वापस लेकर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए तत्काल सभी पात्र हितग्राहियों को उनके पट्टे वापस करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने नगर परिषद के विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन आज भी नगर के कई वार्डों में तीन से चार दिन में एक बार पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे स्पष्ट होता है कि राशि का समुचित उपयोग नहीं हुआ।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़क निर्माण कार्य में भी कई खामियां हैं तथा पार्किंग व्यवस्था का कोई समुचित प्रावधान नहीं किया गया। साथ ही फिल्टर प्लांट की नियमित सफाई नहीं होने और पर्याप्त क्लोरीन का उपयोग नहीं किए जाने से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिसके कारण नागरिक विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
ज्ञापन में नगर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा नगर में बनाए जा रहे मुख्य डिवाइडर का चौड़ीकरण कर उसके मध्य हरित पट्टी विकसित करते हुए पौधारोपण कराने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद खांदवे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज बंजारे, नगर प्रभारी अशोक लोखंडे, नगर अध्यक्ष जानी पठान, तरुण मानकर, राहत अली, डॉ. ज्ञानदेव माथनकर, जितेंद्र तेलकर, अमित जायसवाल, डायोगेश लहरपुरे, मनोज जैन, संजय धुर्वे, संजय सावरकर, अकरम खान, सागर बसंतपुरे, गणेश भरतपुरे, रियाज, सुरेश आवठे, सोनू कुरैशी, सलाम काजी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





