Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

चुनागोसाई पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत, सरपंच-सचिव पर करीब 2 लाख के गड़बड़झाले के आरोप

By
On:

खबरवाणी

चुनागोसाई पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत, सरपंच-सचिव पर करीब 2 लाख के गड़बड़झाले के आरोप

बैतूल। जनपद पंचायत चिचोली की ग्राम पंचायत चुनागोसाई में विकास कार्यों और सामग्री खरीदी के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चिचोली से लिखित शिकायत कर सरपंच और सचिव पर करीब 2 लाख रुपए की अनियमितता का आरोप लगाया है। शिकायत के साथ संबंधित भुगतान और कार्यों से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।

शिकायतकर्ता दिनेश यादव के अनुसार पाटानाला क्षेत्र में अशोक नामक व्यक्ति के खेत के पास निजी भूमि पर पुलिया निर्माण कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर 6 पुलियाओं का कार्य होने के बावजूद रिकॉर्ड में 9 पुलियाएं दर्शाकर भुगतान की प्रक्रिया की गई। इसे लेकर भी जांच की मांग की गई है।

सामग्री खरीदी में भी दरों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में बाबा श्याम ट्रेडर्स के बिल का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि सीमेंट की बाजार दर करीब 280 रुपए प्रति बोरी होने के बावजूद 420 रुपए प्रति बोरी की दर से खरीदी दर्शाई गई। वहीं मालगुजार ट्रेडर्स द्वारा मोरम परिवहन के 13 हजार के बिल का उल्लेख किया गया है। पंचायत के लिए खरीदे गए मोबाइल और लैपटॉप की कीमतों को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है।

शिकायत में सचिव महेश बंशकार के निजी बैंक खाते में 20 हजार रुपए की सरकारी राशि जमा किए जाने तथा एक ऑपरेटर के नाम पर 28 हजार रुपए के भुगतान को भी संदिग्ध बताया गया है। ग्रामीणों ने इन भुगतानों की जांच की मांग की है।

इसके अलावा अमृत सरोवर गवाझड़प चिमनभूरु के कार्य को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कार्य करीब दो वर्ष पहले पूरा हो चुका है, इसके बावजूद मस्टर रोल और बिल के माध्यम से दोबारा भुगतान निकाले जाने का आरोप है। रेत-मोरम परिवहन, स्टेशनरी खरीदी तथा अन्य कार्यों में भी फर्जी बिल और भुगतान किए जाने की शिकायत की गई है।

ग्रामीणों ने सरपंच मंगलसिंह पर ठेकेदार दिलीप यादव और उसके भाइयों के नाम पर भी कथित रूप से भुगतान कराने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं ने जनपद सीईओ से सभी कार्यों, मस्टर रोल, बिल-वाउचर, बैंक खातों और भुगतान की जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News