खबरवाणी
- शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरगांव नर्मदा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रतियोगिता व प्रदर्शनी आयोजित
नरसिंहपुर।शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरगांव नर्मदा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से भव्य प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य छोटेलाल पटैल द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और उचित मंच की आवश्यकता होती है। शिक्षा के साथ-साथ ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मानसिक और बौद्धिक विकास तेजी से होता है।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, निबंध लेखन एवं विज्ञान प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण, माँ नर्मदा के संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई आकर्षक मॉडल और चार्ट प्रदर्शित किए। उपस्थित अतिथियों भारत पटैल, सुनील नोरिया, जुम्मन खान एवं शिक्षकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल्स का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर शाला की प्रभारी प्रधानपाठक सविता ठाकुर, माध्यमिक शिक्षक आशीष शर्मा, खेमचंद मांडवे, अतिथि शिक्षिका श्रद्धा अग्रवाल, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पीतम नौरिया सहित समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





