खबरवाणी
अगले बरस तू जल्दी आ…गणेश प्रतिमाओं का भक्तों ने किया धूमधाम से विसर्जन
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा नगर, नम आंखों से दी विदाई
भैंसदेही:- नगर में गणेश उत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ विसर्जन किया। सुबह से ही विभिन्न गणेश मंडलों एवं घरों में स्थापित प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया था।
भक्तगण ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को लेकर निकले। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्री गणेश की आरती की। पूरा वातावरण “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से गूंज उठा।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और एक-दूसरे को रंग लगाकर उत्सव का आनंद लिया। निर्धारित विसर्जन स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
भगवान श्री गणेश को विदाई देते समय भक्तों की आंखें नम नजर आईं। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना करते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। प्रशासन एवं आयोजन समितियों द्वारा विसर्जन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।





