खबरवाणी
कलेक्टर ने किया चिखलीकला माध्यमिक शाला का निरीक्षण, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
मुलताई। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिखलीकला में शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से गुणा-भाग एवं पहाड़े पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता परखी।कलेक्टर ने शिक्षकों से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को ओलंपियाड प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराए जाने की जानकारी प्राप्त की।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कराने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर ने स्कूल का निरीक्षण करते हुए विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेस्क, विद्युत व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बाउंड्री वॉल निर्माण से पूर्व सीमांकन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन के निर्धारित मेनू की जानकारी ली तथा स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्य पालन अधिकारी इंदिरा महतो, डिप्टी कलेक्टर कामिनी ठाकुर, एसडीएम राजीव कहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याए*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोनवणे ने पंचायत भवन चिखलीकला के शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा सड़क, नाली, पेयजल, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम में पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना की पाइपलाइन का कार्य अभी अधूरा है। इस पर कलेक्टर ने जल निगम के संबंधित अधिकारी को रक्षाबंधन के पूर्व ठेकेदार के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्धा डैम पर इंटेक वेल एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि ग्राम में बाहर से आकर शराब बेची जाती है। शराब बिक्री बंद कराने के लिए दिए गए आवेदन पर कलेक्टर ने एसडीओपी को संबंधित दुकान सील कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने फसल बीमा की राशि खाते में जमा नहीं होने की शिकायत भी की। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधूरे नाली निर्माण की शिकायत पर कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत खेरवानी के ग्राम हिवरा के मरघट ढाना में ग्रामीणों ने बिजली संबंधी समस्या से अवगत कराया। साथ ही सोलर उपकरणों की खराब गुणवत्ता की शिकायत भी की। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को संबंधित विषय में पत्र लिखने के निर्देश दिए। रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने पटवारी को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।





