खबरवाणी
पार्षद की शिकायत पर नाली निर्माण की जांच करने पहुंचे
सीएमओ
मुलताई। नगर के भगतसिंह वार्ड में ठेकेदार द्वारा किए जा रहे नाली निर्माण कार्य में अनियमितता एवं गुणवत्ता हीन कार्यों को लेकर वार्ड पार्षद वर्षा गढ़ेकर द्वारा लगाए गए आरोपो के बाद नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सीएमओ वीरेंद्र तिवारी खुद नाली के भीतर उतर गए और निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपयोग की जा रही सामग्री तथा तकनीकी मानकों की गहनता से जांच की। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और संबंधित ठेकेदार भी उपस्थित रहे।सीएमओ ने बताया कि निर्माण कार्य में नाली का बेस तैयार करने के लिए मुरूम का उपयोग किया जाना था, लेकिन पार्षद ने शिकायत में बताया था की मुरूम की जगह मिट्टी डालकर काम किया जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल निरीक्षण किया गया।
वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच आवश्यक प्रतीत हो रही है, इसलिए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। नियमों के विपरीत कार्य किए जाने की पुष्टि होने पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेसीबी मशीन से नाली की सफाई कराई जाए,जिससे निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके।





