खबरवाणी
चिटनिस ने पंचायतवार समीक्षा बैठकों में विकास कार्यों की कसावट बढ़ाई, निर्माण कार्यों की बाधाओं के निराकरण के साथ आगामी कार्ययोजना पर हुआ व्यापक मंथन
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायतवार बैठक कर गांवों में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने पंचायतवार निर्माण कार्यों की प्रगति का सूक्ष्म परीक्षण किया, विकास कार्यों में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा आगामी विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सृजन वर्मा, एसडीएम श्रीमती पल्लवी पौराणिक, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, जिला पंचायत सदस्य किशोर पाटिल, दिलीप पवार, डॉ. अरुण सूर्यवंशी, वन विभाग एसडीओ अजय सागर, जनपद पंचायत सीईओ संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिनिधि मौजूद थे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विधायक निधि, मुख्यमंत्री अधोसंरचना, विधायक विशेष निधि, पंचम एवं पंद्रहवें वित्त आयोग सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की पंचायतवार समीक्षा करते हुए प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों में किसी भी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य बाधाएं हैं, उनका तत्काल निराकरण कर कार्यों को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए।
बैठक में भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना पर भी व्यापक मंथन किया गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, पेयजल, सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, सामुदायिक अधोसंरचना एवं अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत अपने गांव का विकास रोडमैप तैयार करे, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और संसाधनों का अधिकतम उपयोग जनहित में हो सके।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि इन समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों में आ रही समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें नई गति देना है। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अनेक लंबित मामलों का निराकरण किया गया तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता, पंचायतों की आर्थिक सुदृढ़ता, कर वसूली, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त गांव, पौधरोपण एवं जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों का समग्र विकास तभी संभव है, जब पंचायत, प्रशासन और जनप्रतिनिधि एक टीम के रूप में कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि ‘‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टिकरण‘‘ की कार्यसंस्कृति के साथ प्रत्येक पंचायत को विकास का केंद्र बनाना हमारा संकल्प है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक गांव विकास, सुशासन और जनकल्याण का आदर्श बने, इसी लक्ष्य के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।




