खबरवाणी
तेंदूखेड़ा में स्वास्थ्य विभाग का छापा: ‘बंगाली डॉक्टर’ का अवैध क्लिनिक और मेडिकल स्टोर सील
नरसिंहपुर । जिले के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिना किसी वैध डिग्री के क्लिनिक और अवैध मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले इस फर्जी डॉक्टर पर विभाग ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है।
मामला तेंदूखेड़ा तहसील के बिलेहरा गांव का है। यहां संजय विश्वास नाम का व्यक्ति खुद को ‘बंगाली डॉक्टर’ बताकर भोले-भाले ग्रामीणों का इलाज कर रहा था। इसके साथ ही वह ‘तनुश्री’ नाम से एक मेडिकल स्टोर भी अवैध रूप से चला रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) मनीष मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर औचक छापा मारा। जांच के दौरान आरोपी के पास न तो कोई वैध मेडिकल डिग्री मिली और न ही मेडिकल स्टोर संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर अवैध मेडिकल स्टोर को तुरंत सील कर दिया है। विभाग ने आरोपी को वैध दस्तावेज पेश करने की चेतावनी दी है। दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





