खबरवाणी
बिजली शटडाउन से व्यापार प्रभावित, अव्यवस्थित डीपी कनेक्शन ने बढ़ाई परेशानी
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । क्षेत्र में शुक्रवार को 33/11 के.वी. कैलाश नगर सब स्टेशन, सारनी D.C. से जुड़े सभी 11 के.वी. फीडरों पर सुबह लगभग 11:00 बजे से शटडाउन रखा गया। यह शटडाउन टट्टा कॉलोनी फीडर के VCB रिप्लेसमेंट कार्य के चलते किया गया था, जिसके कारण टट्टा कॉलोनी, बगडोना टाउन, छतरपुर DLF और सुखाधना पंप क्षेत्र में बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रही।
शाम तक बिजली बाधित रहने से सबसे ज्यादा असर व्यापारियों पर देखने को मिला। दुकानों में कामकाज ठप रहा और धंधे पर सीधा असर पड़ा, जिससे व्यापारी वर्ग परेशान नजर आया।
वहीं दूसरी ओर बिजली वितरण विभाग की एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई। जेरी चौक, बुधवार बाजार के पास स्थित ट्रांसफार्मर से एक ही डीपी के माध्यम से सैकड़ों कनेक्शन दिए गए हैं। इस अव्यवस्थित व्यवस्था के चलते 8 से 10 दुकानदार पिछले दो दिनों से बिजली समस्या से जूझ रहे थे।
फाल्ट ढूंढने के लिए जब कर्मचारी खंभे पर चढ़ा, तो बॉक्स के अंदर मकड़ी के जाल जैसी उलझी वायरिंग के कारण फेस तलाशने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद ही बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।
इस पूरे घटनाक्रम ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था सुधारने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।




