Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बुरहानपुर-निमाड़ बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र-अर्चना चिटनिस

By
On:

खबरवाणी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बुरहानपुर-निमाड़ बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र-अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर प्रवास में उद्योगपतियों से वन-टू-वन संवाद को बताया ऐतिहासिक पहल, ‘निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव’ से पूरे क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

बुरहानपुर। विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बुरहानपुर प्रवास को निमाड़ क्षेत्र के औद्योगिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी परिणाम देने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्योगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, संवेदनशील नेतृत्व और विकासोन्मुख सोच आने वाले समय में बुरहानपुर सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर के समस्त उद्योगपतियों एवं उद्यमियों की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी का बुरहानपुर प्रवास भले ही आकस्मिक रूप से तय हुआ हो, लेकिन विशेष बात यह रही कि उन्होंने स्वयं इच्छा व्यक्त की कि वे यहां के उद्योगपतियों से सीधे संवाद करना चाहते हैं। यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि मुख्यमंत्री जी बुरहानपुर और निमाड़ क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को गंभीरता से समझते हैं और यहां निवेश, रोजगार तथा उद्योगों के विस्तार को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उद्योगों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर मुख्यमंत्री जी से निरंतर चर्चा होती रही है। इनमें श्रमिकों (लेबर) से संबंधित समस्याएं, ऊर्जा विभाग से जुड़े विषय, सोलर एनर्जी के क्षेत्र में नई संभावनाएं, औद्योगिक क्षेत्रों के पहुंच मार्गों का विकास, ‘फेयर डील’ योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी तथा उद्योगों के विस्तार से जुड़े अनेक मुद्दे शामिल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हमेशा इन विषयों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की। यही कारण है कि उद्योग जगत में उनके नेतृत्व के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा उद्योगपतियों के लिए वन-टू-वन संवाद हेतु समय निकालना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह उनके उद्योगोन्मुख दृष्टिकोण और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक बुरहानपुर में केवल एक औद्योगिक केंद्र था, लेकिन आज यहां औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है और औद्योगिक आधारभूत संरचना का विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान ‘फेयर डील’ अनुदान को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे उद्योग जगत को बड़ी राहत और प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा रेहटा-खड़कोद पहुंच मार्ग के निर्माण और सुधार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई, जो औद्योगिक परिवहन और लॉजिस्टिक दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। सुखपुरी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। वहीं मोहम्मदपुरा इंडस्ट्रियल क्लस्टर के सभी प्लॉट्स का पूर्ण रूप से बुक हो जाना यह दर्शाता है कि बुरहानपुर अब तेजी से निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह प्रवास आगामी प्रस्तावित ‘निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव’ की पूर्व तैयारी के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दो से तीन महीनों में बुरहानपुर एक सफल, ऐतिहासिक और दूरगामी परिणाम देने वाले औद्योगिक आयोजन का साक्षी बनेगा। यह कॉन्क्लेव केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे निमाड़ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की नई आधारशिला रखेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव’ से केवल बुरहानपुर ही नहीं, बल्कि खरगोन, खंडवा, बड़वानी सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलेगा। यह क्षेत्र कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र है, जहां मिर्ची, कपास, गेहूं, चना और सोयाबीन जैसे कृषि उत्पादों की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन कृषि उत्पादों पर आधारित उद्योग विकसित होते हैं तो किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार एवं रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र के लोग स्वभाव से उद्यमशील हैं। यहां उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, पर्याप्त श्रमशक्ति और आवश्यक प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी होने के कारण यहां से देश के किसी भी हिस्से तक माल का परिवहन आसानी से किया जा सकता है। चाहे पोर्ट तक पहुंच हो या एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी, निमाड़ क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। दक्षिण भारत को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला प्रवेश द्वार होने के कारण यह क्षेत्र औद्योगिक निवेश के लिए स्वाभाविक रूप से उपयुक्त बनता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ‘निमाड़ इन्वेस्टर कॉन्क्लेव’ केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वाकांक्षी अभियान है। यह आयोजन आने वाले वर्षों में निमाड़ को मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व, मार्गदर्शन और विकासोन्मुख सोच के साथ बुरहानपुर एवं पूरा निमाड़ क्षेत्र आने वाले समय में मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास का मजबूत, आधुनिक और आत्मनिर्भर केंद्र बनकर उभरेगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News