Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

बुरहानपुर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सौगात-अब जिला चिकित्सालय में हर सप्ताह मिलेंगी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की निःशुल्क सेवाएं

By
On:

खबरवाणी

बुरहानपुर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सौगात-अब जिला चिकित्सालय में हर सप्ताह मिलेंगी सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की निःशुल्क सेवाएं

अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) द्वारा जिला चिकित्सालय का लगातार निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु दिए गए निर्देशों का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। श्रीमती चिटनिस की पहल एवं प्रयासों से अब जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में प्रति सप्ताह महाराष्ट्र के जलगांव स्थित उल्हास पाटिल मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे जिले के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब तक गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों को त्वचा रोग, नाक-कान-गला रोग, मानसिक रोग, हृदय रोग (कार्डियोलॉजी), किडनी रोग (नेफ्रोलॉजी) सहित अन्य विशेषज्ञ उपचार के लिए इंदौर, मुंबई या जलगांव जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। वहां मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टर की फीस, जांच, दवाइयों, यात्रा एवं रहने-खाने पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के कई मरीज तो केवल अधिक खर्च के कारण समय पर उपचार तक नहीं करा पाते थे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रयासों से अब यही विशेषज्ञ सेवाएं जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में ही निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को बाहर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी तथा डॉक्टर की भारी फीस और अन्य खर्चों की बचत भी होगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सबसे अधिक लाभ प्राप्त होगा। गत दिवस जिला चिकित्सालय में 3 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। बड़ी संख्या में मरीजों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। मरीजों एवं उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिला चिकित्सालय प्रशासन ने जानकारी दी कि आगामी समय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या एवं सेवाओं का विस्तार और किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके। मरीजों की सुविधा के लिए जिला चिकित्सालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां से उपचार एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला प्रशासन एवं चिकित्सालय प्रबंधन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News