खबरवाणी
सदस्यता सत्यापन में BMS यूनियन फिर बनी सिरमौर
973 सदस्यों के साथ प्रथम स्थान, INTUC 53 सदस्यों के साथ सबसे पीछे
खबरवाणी / रफीक
सारनी। पाथाखेड़ा कोयला खदान क्षेत्र में वर्ष 2026 के लिए हुए सदस्यता सत्यापन में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (BMS) ने 973 सदस्यों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान एवं महामंत्री प्रमोद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पाथाखेड़ा क्षेत्र की तवा-1, तवा-2, छतरपुर-1, तवा-3, क्षेत्रीय कर्मशाला सहित अन्य इकाइयों के कामगारों एवं कर्मचारियों ने सदस्यता सत्यापन में भाग लिया। जारी आंकड़ों के अनुसार BMS को 973 सदस्य मिले। वहीं दूसरे स्थान पर एटक यूनियन के 904, तीसरे स्थान पर HMS के 498, चौथे स्थान पर सीटू के 223 और INTUC के 53 सदस्य रहे। सभी संगठनों की कुल सदस्य संख्या 2651 बताई गई है।
BMS पदाधिकारियों के अनुसार संगठन पिछले करीब पांच वर्षों से क्षेत्र में लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी कामगारों एवं कर्मचारियों ने संगठन के प्रति विश्वास जताते हुए BMS को प्रथम स्थान दिलाया है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान एवं महामंत्री प्रमोद सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ कामगारों और कर्मचारियों के हितों के लिए लगातार कार्य करता रहा है और आगे भी मजदूर हित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मजदूर के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पदाधिकारियों ने सदस्यता सत्यापन में सहयोग करने वाले सभी कामगारों, कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं, यूनिट अध्यक्षों एवं सचिवों का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही आने वाले वर्षों में भी संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।





