
खबरवाणी
बेलोण्ड घाट लूट कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
- खबरवाणी न्यूज़ रफीक,
सारनी। थाना क्षेत्र के बेलोण्ड घाट आमला रोड में हुई लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक चाकू भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरहान अंसारी (26) निवासी गांधी नगर पाथाखेड़ा ने थाना सारनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून 2026 को वह अपने साथी सागर नागले और प्रेम गुजरे के साथ मोटरसाइकिल से मुलताई से शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान बेलोण्ड घाट पर 5 अज्ञात बदमाश दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे और रास्ता रोककर मारपीट करते हुए 4800 रुपये नगद तथा तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 27 जून 2026 को पांचों आरोपियों—रविन्द्र उर्फ भोला, अमन कवडे, आकाश सलाम, राहुल उइके और विजेन्द्र उर्फ विक्की—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल और एक चाकू जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक सुनील गौर, अनिल मोर्य, प्रधान आरक्षक किशनलाल सेलू तथा आरक्षक मोहित भाटी, अजय ज्ञाश्वनशी, मोनू उइके, सुभाष मंडलोई और रविमोहन दर्शमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सारनी के बेलोण्ड घाट आमला रोड में हुई लूट के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने राहगीरों से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 मोबाइल, 2 मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।





