खबरवाणी
बजरंगियों ने गौवंश से भरी पिकअप पकड़ी, 12 गौवंश बरामद
मुलताई। नगर के बजरंगियों द्वारा मंगलवार सुबह करीब 5 बजे करीब 12 किमी पीछा कर 12 गौवंश बरामद कर पुलिस को सौपे है। सागर बजरंगी ने बताया बजरंग दल रामाकोना टीम के गौरक्षकों को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक एमएच 27 बी एक्स 1309 में गौवंश भरकर छिंदवाड़ा जिले के लावाघोघरी जंगल क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही रामाकोना की गौरक्षक टीम ने उक्त वाहन का पीछा शुरू किया। बताया गया कि एक बलेनो कार भी पिकअप वाहन की लोकेशन देने और आगे रास्ते की जानकारी देने का काम कर रही थी। इसी दौरान पिकअप में सवार लोगों द्वारा गौरक्षकों को घेरने और हमला करने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। रामाकोना टीम ने तत्काल बजरंग दल मुलतापी के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। इसके बाद मुलतापी के बजरंगियों ने घेराबंदी की और पुलिस प्रशासन को भी सूचना दी।चिखली कला क्षेत्र में गौरक्षकों द्वारा पिकअप के टायर को नुकसान पहुंचाने के बाद भी वाहन चालक तेज गति से वाहन भगाता रहा। गौरक्षकों ने लगभग 12 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। इसके बाद पिकअप वाहन ग्राम पारडसिंगा-देवरी मुख्य जोड़ के पास भुरा देशमुख के आंगन में जा घुसा।वाहन के रुकने के बाद उसमें सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बलेनो कार से भागने में सफल हो गए। हालांकि, गौवंश से भरी पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया।मौके पर आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पिकअप वाहन में देखने पर उसमें 12 गौवंश पाए गए। कार्यकर्ताओं के अनुसार गौवंशों को वाहन में अत्यंत क्रूरता से ठूंस-ठूंसकर रखा गया था तथा उनके मुंह और पैर रस्सियों से बांधे गए थे।सूचना मिलने पर मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर गौवंश भरा वाहन जप्त किया है।इसके बाद पिकअप वाहन सहित सभी गौवंशों को सुरक्षित मुलताई नगर पालिका कांजी हाउस पहुंचाया गया। गौवंशों को वाहन से बाहर निकालने के दौरान पता चला कि इनमें से 2 गौवंशों की दम घुटने के कारण मृत्यु हो चुकी थी। मृत गौवंशों का मेडिकल कराया जा रहा है।इस कार्रवाई में मुख्य रूप से दिपांशु साहू, प्रवीण राऊत, भूपेश साहू, सागर साहू, दिनेश नामदेव, करन, गोपाल साहू, प्रीतम कुलकर्णी, राहुल साहू, चेतन चौपड़ा सहित बजरंग दल रामाकोना की टीम एवं अन्य बजरंगी कार्यकर्ता शामिल रहे।





