ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं, माता और मानसिक स्थिति का कारक ग्रह माना जाता है। व्यक्ति के स्वभाव, सोचने-समझने की क्षमता और रिश्तों पर चंद्रमा का गहरा प्रभाव पड़ता है। यदि कुंडली में चंद्रमा मजबूत हो तो जीवन में सुख-शांति बनी रहती है, लेकिन कमजोर चंद्रमा कई तरह की परेशानियों का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं कि कमजोर चंद्रमा के क्या संकेत होते हैं और इसे मजबूत करने के लिए कौन-कौन से उपाय किए जा सकते हैं।
कमजोर चंद्रमा क्यों बनता है परेशानी का कारण?
जब कुंडली में चंद्रमा अशुभ ग्रहों के प्रभाव में आ जाता है, तब उसका शुभ फल कम होने लगता है। खासकर जब चंद्रमा सूर्य के बहुत करीब हो या राहु, केतु, शनि और मंगल से पीड़ित हो, तब व्यक्ति को मानसिक और भावनात्मक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा छठे, आठवें और बारहवें भाव में अकेला चंद्रमा भी कमजोर माना जाता है। ऐसी स्थिति में जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।
कमजोर चंद्रमा के प्रमुख लक्षण
कमजोर चंद्रमा वाले व्यक्ति को अक्सर मन की बेचैनी, घबराहट और तनाव बना रहता है। ऐसे लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर ज्यादा सोचते हैं और जल्दी भावुक हो जाते हैं। आत्मविश्वास की कमी, डर, भ्रम और निर्णय लेने में परेशानी भी इसके प्रमुख संकेत हैं। कई बार व्यक्ति को अनिद्रा यानी नींद न आने की समस्या भी हो सकती है। घर-परिवार में भी अनबन और रिश्तों में दूरी बढ़ने लगती है।
स्वास्थ्य पर पड़ता है बुरा असर
ज्योतिष के अनुसार कमजोर चंद्रमा केवल मानसिक नहीं बल्कि शारीरिक परेशानियां भी देता है। बार-बार सिर दर्द होना, सर्दी-जुकाम रहना, ब्लड प्रेशर की समस्या और फेफड़ों से जुड़ी दिक्कतें इसका संकेत हो सकती हैं। ऐसे लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो सकती है। इसलिए समय रहते उपाय करना जरूरी माना जाता है।
चंद्रमा को मजबूत करने के आसान उपाय
अगर आपकी कुंडली में चंद्रमा कमजोर है तो सोमवार का व्रत रखना लाभकारी माना जाता है। भगवान शिव की पूजा करें और शिवलिंग पर जल तथा दूध अर्पित करें। इससे चंद्र दोष शांत होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है। इसके साथ ही हर सोमवार “ॐ चन्द्राय नमः” मंत्र का जाप करने से भी सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
सफेद वस्तुओं का दान और अन्य खास उपाय
चंद्रमा को मजबूत करने के लिए सफेद रंग की वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है। दूध, चावल, सफेद कपड़े और मिश्री का दान करने से चंद्रमा की शुभता बढ़ती है। किसी योग्य ज्योतिषाचार्य की सलाह से मोती धारण किया जा सकता है। इसके अलावा चांदी का कड़ा, अंगूठी या चेन पहनना भी लाभकारी माना जाता है। रात को सोने से पहले दूध या खीर का सेवन करने से मन शांत रहता है और चंद्रमा मजबूत होने लगता है।
ज्योतिष में चंद्रमा को मन का राजा कहा गया है। यदि यह ग्रह मजबूत हो तो जीवन में सुख, शांति और मानसिक संतुलन बना रहता है। इसलिए कमजोर चंद्रमा के लक्षण दिखाई दें तो समय रहते उचित उपाय अपनाकर इसके नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है।
Read Also :- Triumph Speed Twin 1200 Cafe Racer Edition: सिर्फ 800 लोगों को मिलेगी ये धांसू सुपरबाइक





