Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

5 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रही असहाबे सूफ़्फा सोसाइटी, 300 जरूरतमंद बच्चों को बांटी स्कूल सामग्री

By
On:

खबरवाणी

5 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रही असहाबे सूफ़्फा सोसाइटी, 300 जरूरतमंद बच्चों को बांटी स्कूल सामग्री

‘बच्चा पढ़े, आगे बढ़े’ अभियान के तहत स्कूल बैग, स्टेशनरी, टिफिन, पानी की बोतल सहित अन्य सामग्री का वितरण

बुरहानपुर, 5 जुलाई। आर्थिक रूप से कमजोर और बेसहारा बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसी उद्देश्य को लेकर असहाबे सूफ़्फा एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी पिछले पांच वर्षों से लगातार सेवा कार्य कर रही है। रविवार को होटल मेट्रो के पास टेम्पो स्टैंड परिसर में आयोजित शिक्षा सामग्री वितरण कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, पेंसिल बॉक्स, टिफिन, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क वितरित की गई। कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
संस्था के अध्यक्ष हाजी अब्दुल बासित ने बताया कि सोसाइटी किसी भी बच्चे को बिना जानकारी के सहायता नहीं देती। पहले संस्था के सदस्य जरूरतमंद एवं बेसहारा बच्चों का सर्वे कर उनकी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करते हैं, उसके बाद पात्र बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 300 बच्चों को निःशुल्क स्कूल सामग्री वितरित की जा चुकी है।

जाति-धर्म नहीं, जरूरतमंद की मदद ही संस्था का उद्देश्य

हाजी अब्दुल बासित ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल स्कूल सामग्री बांटना नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारना है। उन्होंने कहा कि संस्था के लिए न कोई जाति मायने रखती है और न कोई धर्म। जो भी जरूरतमंद सहायता के लिए आता है, उसे यथासंभव निराश नहीं लौटाया जाता। संस्था वर्षभर अलग-अलग सामाजिक सेवा कार्य करती है। बरसात के मौसम में जरूरतमंदों को छाते, सर्दी के दिनों में कंबल तथा शिक्षा सत्र शुरू होने पर बच्चों को निःशुल्क स्कूल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि संस्था का एक ही संदेश है—”बच्चा पढ़े, आगे बढ़े, अपना और अपने परिवार का नाम रोशन करे।” उनका मानना है कि यदि एक बच्चे की शिक्षा सुनिश्चित होती है तो उसका पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है।
पांच वर्षों से लगातार जारी है सेवा का सिलसिला
सोसाइटी पिछले पांच वर्षों से बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज सेवा के विभिन्न कार्य कर रही है। संस्था के सदस्य स्वयं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझते हैं और समय-समय पर सहायता उपलब्ध कराते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इस प्रयास को समाज के लोगों का भी सहयोग मिल रहा है।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में रियाज अहमद, मोहम्मद आलम अंसारी, सैय्यद तौसीफ मीर, वाली मोहम्मद, प्रकाश ठाकरे, शेख अनीस, शेख इब्राहिम, शेख शाहरुख, शेख गुलाम मोहम्मद, सलीम अंसारी एवं मोहम्मद अतीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अतिथियों ने कहा—शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी अजय रघुवंशी, निगम अध्यक्ष अनिता अमर यादव, अकील औलिया एवं शैली किर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अजय रघुवंशी ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराना, सर्दी में कंबल वितरित करना और बरसात में जरूरतमंदों को छाते देना जैसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्था पदाधिकारियों ने भविष्य में भी अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News