खबरवाणी
आंधी-तूफान से तबाह फसलों की वास्तविक स्थिति लेकर मुख्यमंत्री से मिलीं अर्चना चिटनिस, किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की रखी मांग
बुरहानपुर। जिले में विगत दिनों आए भीषण आंधी-तूफान एवं वर्षा से किसानों की फसलों को हुए व्यापक नुकसान के बाद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर प्रभावित किसानों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने किसानों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने, सर्वे कार्य में तेजी लाने तथा नुकसान का उचित आकलन कर शीघ्र सहायता प्रदान करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले के अनेक गांवों में आंधी-तूफान और वर्षा के कारण विशेष रूप से केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर खेतों में तैयार फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है, जिससे किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा किसानों की मेहनत, उम्मीदों और आजीविका पर गहरा आघात है।
उल्लेखनीय है कि आपदा के तुरंत बाद श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा किया। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर नुकसानग्रस्त खेतों का निरीक्षण किया, किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सर्वे कार्य गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान श्रीमती चिटनिस ने आरबीसी-6/4 के अंतर्गत प्रभावित किसानों के प्रकरण शीघ्र तैयार कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर भी हुई विशेष चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने योजना अंतर्गत उद्यानिकी फसलों के बीमा लागू करने हेतु प्रचलित कार्यवाही में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को शीघ्र लाभ मिल सके। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य लगातार प्रगति पर है तथा वे स्वयं इसकी नियमित मॉनिटरिंग कर रही हैं। किसानों से उनका सतत संवाद बना हुआ है और उनकी समस्याओं को लगातार शासन स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
श्रीमती चिटनिस ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक निर्णय लेंगे तथा प्रभावित किसानों को राहत एवं सहायता प्रदान करने में कोई कमी नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में वे किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी हैं और यह सुनिश्चित करेंगी कि राहत, मुआवजा एवं सहायता से कोई भी पात्र किसान वंचित न रहे।





