Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ का अर्चना चिटनिस ने किया शुभारंभ

By
—
On:

खबरवाणी

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ का अर्चना चिटनिस ने किया शुभारंभ

बुरहानपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा से प्रेरित होकर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत बुरहानपुर में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने शिकारपुरा वार्ड क्रमांक-3 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र से की। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वीडियो संदेश उपस्थितजनों को दिखाया एवं सुनाया गया। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा, स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों से तैयार पौष्टिक आहार की जानकारी ली और बच्चों एवं महिलाओं के लिए संतुलित पोषण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला है और सशक्त नारी से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं परिवारों से दैनिक जीवन में पोषण संबंधी अच्छी आदतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुबह खाली पेट चाय पीने के बजाय दिन की शुरुआत स्वच्छ पानी से करें। केले जैसे पौष्टिक फलों को आहार में शामिल करें तथा विभिन्न प्रकार की दालों का नियमित सेवन करें। भोजन में छाछ, नींबू और आंवला जैसे पोषक खाद्य पदार्थों को भी शामिल करने की सलाह दी।
श्रीमती चिटनिस ने सुर्जना (सहजन) की फली, पत्तियों एवं फूलों के पोषण संबंधी महत्व का उल्लेख करते हुए इन्हें भोजन में शामिल करने की बात कही। उन्होंने कद्दू जैसी पौष्टिक सब्जियों के साथ गेहूं के अलावा बाजरा, मक्का, ज्वार और नागलीध्नाचनी जैसे मोटे अनाज को भी भोजन में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों के संतुलित आहार, प्रोटीन सेवन तथा स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में श्रीमती चिटनिस ने आंगनवाड़ी के हितग्राही परिवारों एवं महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा आंगनवाड़ी केंद्र से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं के संबंध में भी हितग्राहियों से जानकारी ली और पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं परिवारों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं पहुंचाने में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने आंगनवाड़ी परिसर में सुर्जना एवं नींबू के पौधे भी लगाए और पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य को जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढि़यों के लिए स्वस्थ वातावरण और प्रकृति से जुड़ाव का संकल्प भी है।
सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का आह्वान
सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए श्रीमती चिटनिस ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखते हुए उसका उचित निपटान सुनिश्चित करे। स्वच्छ घर, स्वच्छ आंगन और स्वच्छ मोहल्ला ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों को सेवा, संस्कार, पोषण और सशक्तिकरण के केंद्र के रूप में और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से हर परिवार को जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राही परिवारों से संवाद करते हुए श्रीमती चिटनिस ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभों के प्रति जागरूक रहने और पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्वस्थ, खुशहाल एवं सशक्त परिवारों के निर्माण को सामूहिक संकल्प बनाने की बात कही।

आंगनवाड़ी केंद्र सेवा, संस्कार और पोषण के केंद्र-डॉ. मनोज माने

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र हमारे समाज के भविष्य की नींव मजबूत करने वाले केंद्र हैं। यहां बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ संस्कार एवं परिवारों में जागरूकता का कार्य भी होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण को जनकल्याण की प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस संकल्प की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो निरंतर माताओं, बच्चों और परिवारों के बीच रहकर स्वास्थ्य एवं पोषण की जागरूकता पहुंचा रही हैं। डॉ. माने ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वस्थ बालक, स्वस्थ माता और सशक्त परिवार आवश्यक हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिकारपुरा वार्ड पार्षद श्रीमती पद्मा गणेश वारुड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी, देवतुल्य कार्यकर्तासाथी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
शिकारपुरा से शुरू हुए ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News