Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

निर्माणाधीन शनवारा-लालबाग मार्ग का अर्चना चिटनिस ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

By
On:

खबरवाणी

निर्माणाधीन शनवारा-लालबाग मार्ग का अर्चना चिटनिस ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) एवं महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ 16 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन शनवारा-सिंधीबस्ती से लालबाग रेलवे स्टेशन तक व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं, वर्षा जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने कहा कि यह मार्ग बुरहानपुर शहर के प्रमुख एवं अत्यंत व्यस्ततम मार्गों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं यात्रियों का आवागमन होता है। इसलिए निर्माण कार्य केवल तकनीकी मानकों तक सीमित न रहकर आमजन की सुविधा और सुरक्षा को केंद्र में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लालबाग मार्ग से जुड़ी कॉलोनियों, बस्तियों एवं अन्य आवागमन मार्गों पर आवश्यकतानुसार व्यवस्थित रेम्प बनाए जाएं, ताकि नागरिकों को सड़क पर चढ़ने-उतरने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं दोपहिया वाहन चालकों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। श्रीमती चिटनिस ने सड़क के दोनों ओर स्थित फुटपाथों को सुव्यवस्थित एवं उपयोगी स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुटपाथों का निर्माण किया जाए तथा अतिक्रमण एवं अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न होने दी जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। इसके लिए वर्षा जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित कर पानी के तेज एवं सुचारू निकास की व्यवस्था की जाए, जिससे नागरिकों को बारिश के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पड़े निर्माण मलबे, कीचड़ एवं अन्य अव्यवस्थित सामग्री को देखकर श्रीमती चिटनिस ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों में पड़ा समस्त मलबा तत्काल हटाया जाए तथा निर्माण स्थल को व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री, कीचड़, टाट अथवा अन्य अवरोधक वस्तुएं दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग एवं रात्रिकालीन चेतावनी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। मार्ग के मध्य स्थापित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान प्रकाश व्यवस्था का परीक्षण कर आवश्यकता अनुसार सुधार एवं उन्नयन किया जाए। जहां आवश्यक हो वहां अधिक क्षमता वाली आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएं, ताकि पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित होगा तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आएगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हुई है, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने भी निरीक्षण के दौरान नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि शनवारा-लालबाग मार्ग का निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के सतत प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्राप्त हुई है। मार्ग के पूर्ण होने पर शनवारा, सिंधीबस्ती, इंदिरा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, लालबाग एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस दौरान एसडीएम अजमेरसिंह गौड़, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री रेखा श्रीवास्तव, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, मनोज फुलवाणी, विजय शेवाड़े, रवि काकड़े, रूद्रेश्वर एंडोले, गौरव शिवहरे, अजहर उल हक, राकेश चौकसे, जगदीश सोनवणे, प्रसाद उमोल, निलेश चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, निर्माण एजेंसी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News