खबरवाणी
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सांईखेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन
सांईखेड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सांईखेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 3 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं, 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों तथा ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी, भारत माता एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री के पत्र का वाचन किया गया। आयोजन के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा ग्राम में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और महिलाओं के साथ संवाद कर आंगनवाड़ी सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच हेमराज गावंडे, , जनपद सदस्य लोकेश साहू, पूर्व जनपद सदस्य रेखा पवार, पंच विजय जैन, आंगनवाड़ी सेक्टर प्रभारी गीता मालवीय सहित तीनों केंद्रों की कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
अंत में सभी उपस्थितजनों को स्वल्पाहार वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन के माध्यम से ग्राम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।





