Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आमला। सेल्टिया जलाशय हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मजदूरी के विवाद में युवक को उतारा मौत के घाट

By
On:

खबरवाणी

आमला।  सेल्टिया जलाशय हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मजदूरी के विवाद में युवक को उतारा मौत के घाट

मर्डर मिस्ट्री: पैसे के लेन-देन में हुई थी कहासुनी, आरोपियों ने शव को जलाशय के पास पेड़ के तने के नीचे दबाया था; 4 गिरफ्तार, 1 अब भी फरार

आमला। बोरदेही थाना क्षेत्र के सेल्टिया डेम (जलाशय) के पास हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। मजदूरी के पैसों के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को छिपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों सहित चार लोगों को दबोच लिया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुरानी रंजिश और पैसों का विवाद बना काल

पुलिस की प्रारंभिक जांच और आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक और आरोपियों के बीच मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक पर हमला कर दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को सेल्टिया जलाशय के किनारे एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबा दिया था, ताकि किसी को भनक न लग सके

पुलिस की सक्रियता: घेराबंदी कर दबोचे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में बोरदेही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News