खबरवाणी
आमला: राजस्व कार्यों में लापरवाही पड़ी भारी, SDM ने दी चेतावनी; 15 जून तक सीमांकन व रिकॉर्ड दुरुस्ती के निर्देश।
आमला। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने जनपद सभाकक्ष में राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया। एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।
समयबद्ध निराकरण के निर्देश।
बैठक में सीमांकन प्रकरणों के लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए एसडीओ ने सभी पटवारियों को 15 जून तक इन्हें प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार रिकॉर्ड दुरुस्ती से संबंधित प्रकरणों की रिपोर्ट भी 15 जून तक जमा करने को कहा गया है। इसके अलावा, जायद गिरदावरी का कार्य 20 जून तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का आदेश दिया गया है।
खराब प्रदर्शन पर जारी होगा नोटिस।
राजस्व कार्यों में गति लाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री (Farmer Registry) की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में प्रदर्शन के आधार पर समीक्षा की गई, जिसमें फिसड्डी साबित हुए ‘बॉटम 5’ पटवारियों को कारण बताओ सूचना पत्र (SCN) जारी करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन पर जीरो पेंडेंसी का लक्ष्य
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर चर्चा करते हुए एसडीओ ने निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल बंद करना उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता का संतुष्ट होना अनिवार्य है। तहसील स्तर पर किसी भी शिकायत पर कार्यवाही लंबित नहीं रहनी चाहिए।
क्षेत्र में उपस्थिति और वेशभूषा पर जोर
एसडीओ ने चेतावनी दी कि सभी पटवारी अपने हलके और ग्राम में प्रतिदिन अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। निरीक्षण के दौरान यदि कोई पटवारी अनुपस्थित पाया गया, तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, पटवारियों को अपने कर्तव्य स्थल पर गरिमापूर्ण औपचारिक वेशभूषा में रहने तथा ग्राम कोटवारों को उनकी निर्धारित वर्दी में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।





