खबरवाणी
आमला: मानसून की पहली बारिश में ही खुली नगर पालिका की पोल, न्यू मार्केट बना ‘तालाब’
दशकों से हो रहे दावों की पोल खुली, जलभराव से आमजन बेहाल
आमला। नगर पालिका के मानसून पूर्व तैयारियों के दावों की पहली ही बारिश ने पोल खोल दी है। शहर के व्यस्ततम न्यू मार्केट क्षेत्र की सड़कें चंद मिनटों की बारिश के बाद ही जलमग्न हो गईं। स्थिति यह थी कि सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़कों पर पानी, राहगीर परेशान
जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से गुजरकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। दुपहिया वाहन चालकों को तो खासी मशक्कत करनी पड़ी, वहीं पानी भरे होने के कारण सड़कों पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।
व्यापार पर पड़ा असर
व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर पानी भरने से ग्राहकों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ रहा है। कई दुकानों के सामने पानी जमा होने से ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन की लापरवाही उजागर।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका ने केवल फाइलों में ही नालियों के निर्माण और सफाई के दावे किए हैं। धरातल पर पानी की निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी के मार्गों का रखरखाव और उचित ढाल की व्यवस्था की जाती, तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल न्यू मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले, ताकि मानसून के आगामी दिनों में उन्हें इस बदहाली से न जूझना पड़े।





