खबरवाणी
आमला नशे में धुत शव वाहन चालक ने खंभे में मारी टक्कर, मची अफरा-तफरी
कार्रवाई के बजाय फोटो-वीडियो मांगते रहे CMO, चालक को बचाने के आरोपों से गरमाया मामला
आमला । नगर पालिका के शव वाहन चालक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नशे में धुत चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद अब नगर पालिका प्रशासन और विशेषकर सीएमओ की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
लहराते हुए जा रहा था वाहन, जोरदार टक्कर से सहमे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव वाहन काफी तेज रफ्तार में था और सड़क पर लहराते हुए चल रहा था। चालक पूरी तरह नशे में था, जिसके कारण वह संतुलन नहीं रख पाया और गाड़ी खंभे में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बचाव में उतरे जिम्मेदार: कार्रवाई की जगह सबूतों का पेच
मामले में नया मोड़ तब आया जब नगर पालिका सीएमओ पर चालक को संरक्षण देने के आरोप लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद सीएमओ दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय लोगों से ही घटना के फोटो और वीडियो मांगते रहे।
नगर में आक्रोश: ‘सबूत क्यों मांग रहे साहब?’
सीएमओ द्वारा सबूत मांगे जाने पर विवाद और बढ़ गया है। नागरिकों का तर्क है कि जब मौके पर प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं और वाहन क्षतिग्रस्त खड़ा है, तो कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है? लोगों ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली केवल लीपापोती तक सीमित रह गई है





