Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

दूसरे ब्लॉक में खाद लेने पहुंचे किसानों से अधिक कीमत वसूलने का आरोप

By
On:

खबरवाणी

दूसरे ब्लॉक में खाद लेने पहुंचे किसानों से अधिक कीमत वसूलने का आरोप

टोकन व्यवस्था और खाद वितरण प्रणाली पर उठे सवाल

भीमपुर (रिपोर्टर: प्रदीप यादव)। खरीफ सीजन के बीच किसानों को खाद के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीमपुर जनपद के ग्राम कुनखेड़ी स्थित एक कृषि सेवा केंद्र पर किसानों ने निर्धारित दर से अधिक कीमत मांगने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि खाद लेने के लिए उन्हें दूसरे ब्लॉक तक जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि हो रही है।

जानकारी के अनुसार शाहपुर क्षेत्र के कुछ किसान ई-टोकन मिलने के बाद कुनखेड़ी स्थित यादव कृषि सेवा केंद्र पहुंचे। किसानों का कहना है कि किराए के वाहन से वहां तक पहुंचने में उन्हें लगभग 6 से 7 हजार रुपये तक का खर्च उठाना पड़ा। इसके बाद सेवा केंद्र पर खाद के लिए निर्धारित दर से अधिक राशि मांगे जाने की बात सामने आई।

किसान रूपा तिड़गाम के पति ने बताया कि उन्हें 18 बैग यूरिया और एक बैग उर्वरक लेना था। उनके अनुसार यूरिया की निर्धारित कीमत करीब ₹4,797 तथा उर्वरक की कीमत ₹630 बनती है, लेकिन सेवा केंद्र पर उनसे इससे कहीं अधिक राशि मांगी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिरिक्त राशि नहीं होने के कारण उन्हें बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा।

किसानों ने टोकन व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें दूसरे ब्लॉक जाना पड़ रहा है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने शासन और कृषि विभाग से मांग की है कि सभी क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा निर्धारित शासकीय दर पर ही खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

नोट: समाचार किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित कृषि सेवा केंद्र एवं कृषि विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News