खबरवाणी
KCC खाते में गड़बड़ी का आरोप, सेंट्रल बैंक प्रबंधन पर उठे सवाल
खबरवाणी न्यूज़ – रफीक
सारनी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सारनी शाखा में केसीसी (KCC) खाते के स्टेटमेंट और जमा पर्ची को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के मध्यप्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम जोन प्रभारी अजय सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सालीवाड़ा निवासी दशरथ नामक व्यक्ति ने अपनी समस्या उनके सामने रखी। दशरथ के अनुसार उनके दादा ससुर स्वर्गीय झाम सिंह का खाता सेंट्रल बैंक की सारनी शाखा में था। उनकी मृत्यु के बाद भी खाते में केसीसी लिमिट को बनाए रखने के नाम पर बैंक के कुछ जिम्मेदार कर्मचारी उनके घर पहुंचे और बिना स्पष्ट जानकारी दिए कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। चूंकि संबंधित व्यक्ति अशिक्षित हैं, इसलिए वे दस्तावेज की जानकारी नहीं समझ सके।
दशरथ ने बताया कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर केसीसी खाते में 40,000 और 12,000 रुपये जमा होने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने बैंक में आवेदन देकर खाते का स्टेटमेंट और जमा पर्ची की जानकारी मांगी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
इस मामले में पीड़ित ने आम आदमी पार्टी कार्यालय सारनी पहुंचकर मदद मांगी, जहां से बैंक को आवेदन देकर मृतक खाताधारक के खाते की पूरी जानकारी मांगी गई है। अजय सोनी ने चेतावनी दी कि यदि समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए तो वे पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केसीसी के नाम पर ग्रामीणों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी हो रही है और बैंक की अन्य शाखाओं से भी ऐसे मामले सामने आए हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित बैंकों के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बॉक्स खबर:
सिस्टम पर सवाल, क्या कब्र तक पहुंच रही जांच?
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मृतक के कंकाल को कब्र से निकालकर जांच की बात सामने आई थी। इस तरह की घटनाएं व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अब केसीसी खाते के इस मामले ने भी सिस्टम की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। जिम्मेदार विभागों को समय रहते व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है, ताकि आम जनता का भरोसा बना रहे।





