मां ताप्ती के सभी कुंडो का होगा जीर्णोद्वार, प्राचीन मंदिर मार्ग पर बनेगा आकर्षक गेट
कलेक्टर ने मां ताप्ती मंदिर पहुंचकर किए दर्शन
मुलताई। बुधवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवाने ने पवित्र नगरी मुलताई पहुंचकर मां ताप्ती मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन किए एवं आरती उतारी।इस दौरान विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, एसडीएम राजीव कहार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।जिसके बाद कलेक्टर श्री सोनवणे ने ताप्ती मंदिर परिसर, उद्गम स्थल तथा ताप्ती तट का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मां ताप्ती से जुड़े सभी कुंडों का शीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए, जिससे प्राचीन स्थलों की संरक्षित किया जा सके एवं धार्मिक और ऐतिहासिक गरिमा बनी रही।इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि ताप्ती तीर्थ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना तैयार की गई है।इस दौरान कलेक्टर ने नगर में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान का चयन कर आवश्यक कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए,जिससे ताप्ती दर्शन तथा मेलों के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने कहा की पुराने ताप्ती मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। जिससे तीर्थ क्षेत्र की पहचान और आकर्षण बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में धार्मिक महत्व के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने ताप्ती क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगामी समय में तीर्थ क्षेत्र का स्वरूप और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित दिखाई देगा। प्रशासन का लक्ष्य मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।इस दौरान पार्षद, एल्डरमेन,ट्रस्ट के सदस्य एवं अधिकारी गण उपस्थित थे।