Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि – सांसद ज्ञानेश्वर पाटील

By
—
On:

खबरवाणी

अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि – सांसद ज्ञानेश्वर पाटील

बुरहानपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा का भूमिपूजन

सांसद ने महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल को इस गौरवशाली क्षण का श्रेय दिया

बुरहानपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर बुरहानपुर के गुजराती मार्केट में गांधी भवन के सामने उनकी पहली प्रतिमा की स्थापना के लिए भूमिपूजन किया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू,महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने,पूर्व महापौर अतुल पटेल सहित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजन कर प्रतिमा स्थापना की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही समग्र विकास का आधार है। आज देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी व प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार गरीबों को पक्के मकान, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत के माध्यम से उपचार और हर घर नल से जल जैसी योजनाओं के जरिए इसी अंत्योदय की भावना को धरातल पर साकार कर रही है। बुरहानपुर में पंडित जी की पहली भव्य प्रतिमा स्थापित होना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि युवाओं और नागरिकों को राष्ट्र प्रथम, सेवा और अंत्योदय के संकल्प की निरंतर प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगी।
पंडित जी के विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने कहा कि आज पूरे जिले के लिए खुशी और गौरव का अवसर है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जिले में पहली प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और सिद्धांतों से परिचित कराने का माध्यम बनेगी। पंडित जी ने राष्ट्र सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके बताए मार्ग पर चलना और उनके विचारों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। पंडित जी का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। हम सभी उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने राष्ट्र और समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनकी एकात्म मानववाद और अंत्योदय की विचारधारा आज भी समाज को नई दिशा देने वाली है।
गौरव में एक नया अध्याय जोड़ेगी -महापौर
महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि बुरहानपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा की स्थापना शहर के लिए गौरव का विषय है। पंडित जी ने अपना जीवन राष्ट्र और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित किया। उनकी अंत्योदय की विचारधारा आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। प्रतिमा स्थापना से युवा पीढ़ी को उनके विचारों और जीवन दर्शन से प्रेरणा मिलेगी। यह प्रतिमा बुरहानपुर की पहचान और गौरव में एक नया अध्याय जोड़ेगी। पंडित जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रतिमा स्थापना बुरहानपुर के लिए गौरवपूर्ण कदम

पूर्व महापौर अतुल पटेल ने स्वागत उद्बोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की स्थापित होने वाली प्रतिमा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर में पंडित जी की पहली प्रतिमा की स्थापना शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर प्रतिमा स्थापना के लिए किया गया भूमिपूजन ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रतिमा पंडित जी के विचारों और उनके राष्ट्र सेवा के संकल्प की स्मृति को स्थायी रूप से जीवंत रखेगी। उन्होंने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों के सहयोग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह स्थान नागरिकों और युवाओं को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित जी की विचारधारा को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, श्रीमती सुमित्रा कासडेकर, वरिष्ठ नेता प्रकाश कानूनगो, नगर परिषद शाहपुर अध्यक्ष श्रीमती साधना तिवारी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती आरती चौकसे, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटील, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद पाटील, सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक मनोज टंडन, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील, सांसद प्रतिनिधि आदित्य प्रजापति, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एमआईसी चेयरमैन व पार्षद भरत इंगले, नितेश दलाल, भरत मराठे, महेंद्र इंगले, अमित नवलखे, राजेश महाजन, डॉ. दीपक वाभले सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News