खबरवाणी
ब्याज से पैसे लेनदेन में प्रताड़ना से आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । ब्याज से पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक को लगातार प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में सारणी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को सुपर डी-358 सारणी निवासी रोहित विश्वकर्मा (36) की मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से दो सुसाइड नोट, तीन पत्र एवं एक डायरी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि सोनू कश्मीरा, अमर सिंह राणा, आरिफ खान, ललित मालवीय, आदर्श वास्तव, दीपक कुशवाह, राजेश अग्रवाल, रिशभ एवं मयूब पाल द्वारा मृतक को पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था तथा झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित विश्वकर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 108, 308(5), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसी क्रम में आरोपी लक्की उर्फ ललित पिता नर्मदाप्रसाद मालवीय (27), निवासी कृष्णानगर खजुरीकला भोपाल को 24 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक सुभाष मंडलोई, रविमोहन और मोहित भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई है।





