खबरवाणी
एनएच-26 पर सड़क दुर्घटना में मृत तेंदुए के शव के साथ घिनौना कृत्य करने वाले आरोपी गिरफ्तार,
टॉल प्लाजा के फुटेज से हुआ खुलासा
नरसिंहपुर / करेली / गोटेगांव
दिनांक 19.09.2026 को सुबह करीब 07:00 बजे मुखबिर की सूचना पर एनएच-26 पर जैतपुर एवं लालपुल के बीच सड़क किनारे सड़क दुर्घटना में एक मृत तेंदुए के पड़े होने का मामला सामने आया। वन विभाग के अमले ने तुरंत मौके पर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और घटनास्थल को चारों तरफ से सुरक्षित घेरा।
शव परीक्षण और भस्मलीकरण
डॉग स्क्वॉड से सर्चिंग कराने के बाद, वनमंडलाधिकारी नरसिंहपुर डॉ. कल्पना तिवारी, उपवनमंडलाधिकारी मुकेश केन, वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रहलाद प्यासी, एनटीसीए प्रतिनिधि, तहसीलदार और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 3 डॉक्टरों की टीम ने मृत तेंदुए (आयु करीब 01 वर्ष) का शव परीक्षण किया। इसके बाद शव का भस्मलीकरण कर मौक़ा पंचनामा तैयार किया गया।
टॉल प्लाजा फुटेज से मिला सुराग
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। निकटतम टॉल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी बलराम यादव को पूछताछ के लिए बुलाया।
आरोपियों ने स्वीकार किया गुनाह
पूछताछ में आरोपी बलराम यादव ने खुलासा किया कि जब वह मृत तेंदुए के मुंह के बाल उखाड़ रहा था, तभी मानक नामक व्यक्ति अपने साथियों हिमांशु, पंकज और नितिन के साथ पहुंचा और मृत तेंदुए का एक पैर काटकर देने को कहा। आरोपियों ने पैर काटने और शव के साथ घिनौना कृत्य करने का अपराध स्वीकार कर लिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, और मामले की विवेचना जारी है।
इन अधिकारियों की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में वनमंडलाधिकारी डॉ. कल्पना तिवारी, उपवनमंडलाधिकारी मुकेश केन, वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रहलाद प्यासी, गोटेगांव परिक्षेत्र अधिकारी ब्रजेश पांडे, करेली परिक्षेत्र अधिकारी शिवकुमार कनौजिया और नरसिंहपुर वन परिक्षेत्र के अमले का योगदान सराहनीय रहा।





