खबरवाणी
ब्याज के पैसों के लेन-देन में प्रताड़ना से युवक की आत्महत्या, एक आरोपी सिरोंज से गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। ब्याज के पैसों के लेन-देन को लेकर प्रताड़ित किए जाने से युवक द्वारा आत्महत्या करने के मामले में सारणी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 मई 2026 को सुपर डी-358 सारणी में रोहित विश्वकर्मा (36) की मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 30/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को दो सुसाइड नोट, तीन पत्र एवं एक डायरी मिली, जिन्हें जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक रोहित विश्वकर्मा को सोनू कश्मीरा, अमर सिंह राणा, आरिफ खान, ललित मालवीय, आदर्श वास्तव, दीपक कुशवाह (विदिशा), राजेश अग्रवाल, रिशभ एवं मयूब पाल (मयूर) द्वारा पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 108, 308(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पहले आरोपी लक्की उर्फ ललित मालवीय (27) निवासी कृष्णानगर खजुरीकला भोपाल को 24 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं 03 जून 2026 को दीपक कुशवाह (28) निवासी वार्ड नं. 17 सिरोंज जिला विदिशा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।इस कार्यवाही मे थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके, आरक्षक सुभाष मंडलोई एवं पंकज (साइबर सेल बैतूल) की सराहनीय भूमिका रही।





